
पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल : अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हो राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं दूसरी तरफ वार्ड संख्या 58 के जगतडीह इलाके में जलापूर्ति की सुविधा नहीं होने से भड़के स्थानीय लोगों ने वोट बॉयकॉट करने की चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उनके घरों में लंबे समय से पीने के पानी की कानूनी सुविधा नहीं है। उन्हें पास की पानी की पाइपलाइन से अवैध तरीके से पानी खींचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था लेकिन सोमवार को अचानक आसनसोल नगर निगम और पीडब्लूडी विभाग के कुछ कर्मचारी आए और अवैध पानी कनेक्शन पाइप काट दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतर आए और विरोध करना शुरू कर दिया। भड़के लोगों ने कहा कि जब तक हर घर में कानूनी तरीके से पीने का पानी नहीं पहुंचाया जाता, वे इस वार्ड के बूथ पर वोट नहीं देंगे। प्रदर्शनकारी लोगों का कहना था कि पानी उनका बुनियादी हक है। अगर प्रशासन यह हक पक्का नहीं कर सकता, तो वोट देने का सवाल ही नहीं उठता। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे वोट बॉयकॉट करेंगे। घटना के बाद इलाके में तनाव है।वहीं प्रशासन स्थिति पर नज़र रखे हुए है।








