0Shares

ओडिशा के गंजाम जिले के पॉडमपेटा गांव में तटीय कटाव से बढ़ा खतरा, ग्रामीणों ने सरकार से सुरक्षा और पुनर्वास की मांग की

पब्लिक न्यूज सरफ़राज़ अंसारी गंजाम (ओडिशा): ओडिशा के गंजाम जिले के पॉडमपेटा गांव में समुद्री कटाव का भयावह दृश्य सामने आया है। शुक्रवार सुबह समुद्र की तेज लहरों ने एक पक्के मकान की नींव को इस कदर कमजोर कर दिया कि देखते ही देखते पूरा मकान समुद्र में समा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और तटीय क्षेत्रों में बढ़ते समुद्री कटाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह समुद्र की ऊंची और तेज लहरें लगातार मकान के नीचे की जमीन को काटती रहीं। धीरे-धीरे नींव कमजोर होती गई और कुछ ही देर में पूरा मकान ढहकर समुद्र में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले तक समुद्र गांव से काफी दूर था, लेकिन लगातार हो रहे तटीय कटाव के कारण हर साल समुद्र गांव की ओर बढ़ता जा रहा है। अब हालात ऐसे हैं कि समुद्र की लहरें सीधे रिहायशी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिससे लोगों के घरों पर लगातार खतरा बना हुआ है। कई परिवार पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर चुके हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, पॉडमपेटा गांव में पहले करीब 500 मकान और सैकड़ों परिवार रहते थे। समुद्री कटाव बढ़ने के साथ कई मकान ध्वस्त हो चुके हैं, जबकि अनेक परिवारों ने अन्य स्थानों पर बसना शुरू कर दिया है। गांव में बचे हुए घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तटीय कटाव की समस्या केवल पॉडमपेटा तक सीमित नहीं है। पालीबंधा और रामागड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले लगभग 17 तटीय गांव भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आवास के साथ-साथ खेती और लोगों की आजीविका पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

प्रभावित ग्रामीणों ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने तटीय सुरक्षा दीवार के निर्माण, जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास तथा समुद्री कटाव से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना लागू करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *