फल, सब्जी और मछली कारोबारियों को जल्द थोक बाजार में स्थानांतरित करने की तैयारी, पार्किंग और ट्रैफिक समस्याओं पर भी मांगी गई राय

पब्लिक न्यूज आसनसोल – आसनसोल शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे बढ़ती अव्यवस्था को दूर करने के उद्देश्य से आज यातायात विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक, सड़क किनारे लगने वाली फल, सब्जी और मछली मंडियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सुबह के समय बाजार क्षेत्रों में फल, सब्जी और मछली की मंडियां अब सड़क के दोनों किनारों तक फैलने लगी हैं। इसके कारण जहां एक ओर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर शहर की स्वच्छता पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।
बैठक में मौजूद व्यापारिक संगठनों, नगर निगम के अधिकारियों और व्यवसायियों से इस समस्या के समाधान को लेकर सुझाव मांगे गए। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि फल, सब्जी और मछली कारोबारियों के लिए थोक बाजार की व्यवस्था पहले से मौजूद है और जितनी जल्दी इन कारोबारियों का स्थानांतरण होगा, उतनी ही जल्दी शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और स्वच्छता बनाए रखना आसान होगा।
फल व्यवसायियों और नगर निगम के प्रतिनिधियों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया। अधिकारियों ने बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए कहा कि जल्द ही फल, सब्जी और मछली कारोबारियों को थोक बाजार में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें पार्किंग या यातायात से जुड़ी कोई समस्या दिखाई देती है, तो उसकी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, फल व्यवसायी और संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *