0Shares

Publicnewz आसनसोल, 17 जून: आसनसोल आर्टिस्ट वेलफेयर सोसाइटी की पहल पर गुरुवार से चार दिवसीय बंगला संगीत मेला का शुभारंभ हो रहा है। यह संगीत मेला 21 जून तक आसनसोल के रवीन्द्र भवन में आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर बुधवार दोपहर जीटी रोड स्थित पुराने रामकृष्ण मिशन मोड़ के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान सोसाइटी के चीफ पैट्रन शचीन राय ने बताया कि पिछले वर्ष तीन दिवसीय संगीत मेले को लोगों का भरपूर समर्थन और उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली थी। इसी को देखते हुए इस वर्ष मेले की अवधि बढ़ाकर चार दिन कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य बंगला संगीत और सांस्कृतिक विरासत का प्रचार-प्रसार करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। मेले के दौरान विभिन्न कलाकार बंगला गीतों की प्रस्तुति देंगे, जिससे संगीत प्रेमियों को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
शचीन राय ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष बड़ी संख्या में लोग मेले में शामिल होकर इसे सफल बनाएंगे। आयोजन समिति ने सभी संगीत प्रेमियों और आम नागरिकों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
चार दिवसीय इस संगीत मेले को लेकर आसनसोल और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के सांस्कृतिक जगत एवं संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान कलाकारों के सहयोग और उनके समर्थन के उद्देश्य से आसनसोल आर्टिस्ट वेलफेयर सोसाइटी का गठन किया गया था। तब से यह संस्था हर वर्ष संगीत मेले के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोसाइटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *