आसनसोल में ‘कंबल कांड’ के बाद रायपाड़ा इलाका पुरुषविहीन, गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हुए लोग


पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल, पश्चिम बंगाल।
आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित रायपाड़ा इलाका इन दिनों लगभग पुरुषविहीन हो गया है। इलाके की महिलाओं के अनुसार, पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से किसी का पति, किसी का भाई, किसी का बेटा तो किसी का भतीजा घर छोड़कर फरार हो चुका है। फिलहाल पूरे इलाके में सिर्फ महिलाएं और छोटे बच्चे ही बचे हैं।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि उनके इलाके के पुरुष तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव का शिकार हो गए हैं। महिलाओं का कहना है कि चुनाव या त्योहार के समय राजनीतिक दलों और समाजसेवियों द्वारा वस्त्र, कंबल और अन्य आवश्यक सामान का वितरण आम बात है।
इसी क्रम में कल्ला मोड़ निवासी समाजसेवी व भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ सालाडांगा इलाके में कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, जिसमें रायपाड़ा और छूता डांगा से आदिवासी समुदाय के लोग भी कंबल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कृष्णा प्रसाद के खिलाफ “गो बैक” के नारे लगाने लगे। स्थिति बिगड़ती देख कृष्णा प्रसाद वहां से चले गए, जिसके बाद उनके समर्थकों ने बचे हुए कंबल जरूरतमंदों में बांट दिए।
घटना के बाद सालाडांगा से सटे एक गांव की महिला ने कृष्णा प्रसाद और उनके कुछ समर्थकों पर कंबल वितरण के दौरान छेड़खानी का आरोप लगाया। महिला ने यह भी दावा किया कि कृष्णा प्रसाद ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
इन आरोपों को लेकर तृणमूल नेता श्याम सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी समाज के लोगों ने आसनसोल नॉर्थ थाने का घेराव किया और कृष्णा प्रसाद समेत उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए कई इलाकों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रायपाड़ा निवासी पुष्पराज दास को गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरे रायपाड़ा इलाके में भय का माहौल बन गया और लगभग सभी पुरुष गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हो गए।
वहीं रायपाड़ा, सालाडांगा और छूता डांगा समेत वार्ड संख्या 13 के कई आदिवासी समाज के लोग कृष्णा प्रसाद के समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि नॉर्थ थाने में दर्ज मामला पूरी तरह झूठा है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे पुलिस और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
इस मामले में गिरफ्तार पुष्पराज दास की भाभी शुभ्रा दास ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कंबल वितरण सालाडांगा में हो रहा था, लेकिन तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान रायपाड़ा समेत अन्य इलाकों के निर्दोष लोगों के नाम मामले में जोड़ दिए। उन्होंने कहा कि इलाके में एक भी पुरुष नहीं बचा है, जिससे महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवारों के सामने भूखमरी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है।
गौरतलब है कि आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के ही रामकिशन डंगाल में कुछ वर्ष पहले भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। उस मामले में जितेंद्र तिवारी समेत कई भाजपा नेताओं पर केस दर्ज हुआ था और उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
उस घटना के बाद आसनसोल में यह दूसरा “कंबल कांड” माना जा रहा है। हालांकि इस बार न तो कोई भगदड़ हुई और न ही किसी की जान गई, लेकिन लगाए गए गंभीर आरोपों ने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस मामले को लेकर आदिवासी समाज भी दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है—एक पक्ष आरोपों को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरा इसे तृणमूल की सोची-समझी साजिश बता रहा है।
भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए कृष्णा प्रसाद और उनके समर्थकों पर दर्ज कथित झूठे मामलों के खिलाफ जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी है।

कांग्रेस पार्षद एवं पूर्व मेयर परिषद तृणमूल कांग्रेस का गुलाम सरवर की पहली बरसी पर दीपक गुप्ता ने जरूरतमंदों में 100 कंबल और भोजन वितरित किया

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल, 2 फरवरी।
आसनसोल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के पूर्व मेयर-इन-काउंसिल सदस्य और आसनसोल रेलपार वार्ड 28 के लोकप्रिय काउंसलर गुलाम सरवर का 1 फरवरी 2025 को रात में निधन हो गया था। उनके निधन की पहली बरसी पर उनके अत्यंत निकट माने जाने वाले दीपक गुप्ता—बोरो ऑफिस 2, रानीगंज के क्लर्क—ने उनकी स्मृति में जरूरतमंद लोगों के बीच 100 कंबल वितरित किए और निर्धनों को दोपहर का भोजन कराया।
दीपक गुप्ता ने कहा कि गुलाम सरवर एक बड़े नेता के रूप में जाने जाते थे। वे केवल राजनीतिक रूप से ही नहीं बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अपना योगदान देते थे। उनकी सेवाएं अनगिनत हैं और उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। दीपक गुप्ता ने कहा, “गुलाम सरवर मेरे पिता समान थे, उनके निधन से मैं अनाथ हो गया। उनके जाने का दुख सभी को है—चाहे वह उनके परिवारजन हों या उनसे दूर रहने वाले लोग।”
इस अवसर पर बर्नपुर स्थित बर्नपुर ओल्ड एज होम में दोपहर का भोजन कराया गया। इसके अलावा आसनसोल लोको ब्रिज के पास, वार्ड 14 नुनिया बोड़ी ग्राम, आसनसोल स्टेशन के बाहर और शहर के फुटपाथों पर गरीब, जरूरतमंद और मजबूर लोगों को कंबल वितरित किए गए।
दीपक गुप्ता ने कहा कि यह कंबल वितरण और भोजन कराने का उद्देश्य गुलाम सरवर की स्मृति में उन्हें सवाब (पुण्य) पहुंचाना था। इस मौके पर दीपक गुप्ता के साथ उनकी बेटी आगम्या गुप्ता, तृणमूल नेता ब्रोन बिस्वास, राम प्रवेश, संजय साहा, मंथन ठाकुर और मोहम्मद जहानगीर उपस्थित थे।

आदिवासी महिला से उत्पीड़न और जमीन कब्जाने का आरोप बीजेपी नेता परगिरफ्तारी की मांग को लेकर आसनसोल उत्तर थाना में आदिवासी समुदाय का प्रदर्शन

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल। एक आदिवासी महिला से उत्पीड़न और जमीन पर कब्जा करने का गंभीर आरोप बीजेपी नेता कृष्णा प्रसाद पर लगा है। इस घटना के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद श्याम सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी समुदाय के लोग आसनसोल उत्तर थाना पहुँचे और जोरदार प्रदर्शन किया।
आरोप है कि आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत शालडांगा इलाके में बीजेपी नेता कृष्णा प्रसाद ने एक आदिवासी महिला के साथ मारपीट कर उसके जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की। पीड़िता द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किए जाने से नाराज़ लोगों ने थाना के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान आदिवासी समुदाय की कई महिलाएं हाथों में पारंपरिक हथियार लेकर थाना के सामने उतरीं, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों की एक ही मांग है—बीजेपी नेता कृष्णा प्रसाद को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
वहीं दूसरी ओर, बीजेपी नेता कृष्णा प्रसाद ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पूरा मामला तृणमूल कांग्रेस की साजिश है और उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाने की कोशिश की जा रही
स्थिति को देखते हुए आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस ट्रस्ट की ओर से रोड रेस का आयोजन13 राज्यों के महिला-पुरुष धावकों ने लिया हिस्सा

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल। नेताजी सुभाषचंद्र बोस एजुकेशनल, कल्चरल एंड स्पोर्ट्स वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से एक भव्य रोड रेस का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोड रेस में महिलाओं के लिए ढाई किलोमीटर और पुरुषों के लिए पांच किलोमीटर की दूरी निर्धारित की गई थी। इस प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कुल 13 राज्यों से आए धावकों ने हिस्सा लिया, जिससे आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिली।
टीएमसी काउंसिलर अशोक रौद्र के नेतृत्व में इस रोड रेस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों से लगातार इस रोड रेस का आयोजन किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को खेलों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
रोड रेस को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया। सफल आयोजन को लेकर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया।

टीएमसी छात्र परिषद की ओर से महिशीला में रक्तदान शिविरयुवा नेता शुभम राय के नेतृत्व में 50 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

पब्लिक न्यूज आसनसोल।तृणमूल छात्र परिषद के युवा नेता शुभम राय के नेतृत्व में आज महिशीला बॉयज स्कूल मैदान में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कार्यक्रम में टीएमसी पार्षद अशोक रूद्र, गुरमीत सिंह, रक्तदान आंदोलन के अगुआ प्रवीर धर सहित कई विशिष्ट लोग उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर शुभम राय ने कहा कि हर साल फरवरी महीने में नियमित रूप से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि आज के इस रक्तदान शिविर के माध्यम से वे अपने उन दिवंगत साथियों को याद कर रहे हैं, जो हमेशा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते थे।
शुभम राय ने कहा कि उनके साथियों की स्मृति में इस रक्तदान शिविर को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष के रक्तदान शिविर से लगभग 50 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।

शूर्पणखा कहे जाने पर पलटवार कर भाजपा विधायक ने कहा कि यह समग्र आसनसोलवासियों का है अपमान


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल : डामरा हाटतला में रविवार को टीएमसी द्वारा एक प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया था। सभा में टीएमसी के जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस पर जवाब देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि तृणमूल नेता महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं, इसका प्रमाण बंगाल की जनता के पास है। फिर पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की जनसभा में उन्होंने यह देखा। भाजपा विधायक ने कहा कि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने सिर्फ उनका नहीं बल्कि महिला समाज को ही शूर्पणखा कहकर अपमानित किया है और यह अपमान तो सिर्फ मेरा नहीं, यह अपमान समग्र आसनसोल वासियों का है। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सुर्पणखा कहा है, कहिए। ये सब गर्म सरम भाषण देने के अलावा पांडेश्वर के विधायक के पास और कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे आसनसोल को लेकर आप लोग सिर्फ बदनाम करते गए हैं। बालू, कोयला, पत्थर – चोरी करना, प्रकृति का संतुलन नष्ट करना, नदी का सर्वनाश करना, ब्रिज के नीचे से बालू निकालकर तोड़ देना, आम जनता के जनजीवन को प्रभावित करना, महिलाओं का अपमान, यहां तक कि हत्या तक करना और यह सब कुछ टीएमसी नेता इसलिए करते हैं ताकि वह अपने निजी स्वार्थ के लिए माफिया राज को अक्षुण्ण रख सके।

भाजपा विधायक का कहना था कि जनता सब कुछ देख रही है और इन सब चीजों का जवाब जनता आने वाले चुनाव में टीएमसी को दे देगी। वहीं उनके पिछले चार सालों से ज्यादा समय के कार्यकाल पर उठाए गए सवाल के जवाब में अग्निमित्रा पाल ने कहा के उन्होंने क्या काम किया है, इसका लेखा-जोखा वह बहुत जल्दी पेश करने जा रहे हैं लेकिन उससे पहले टीएमसी को अपने 15 सालों के कार्य का हिसाब देना होगा। भाजपा विधायक ने कहा कि नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती सहित टीएमसी के नेताओं के मन में उनके प्रति जो गुस्सा है। उसका सिर्फ एक वजह है कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में हर प्रकार के अवैध गतिविधि पर रोक लगा दी है। इन अवैध गतिविधियों की वजह से एटीएम से नेताओं की जेब भरा करती थी। लेकिन उनकी वजह से टीएमसी नेताओं के काली कमाई बंद हो गई है इसलिए इस तरह की बातें कही जा रही हैं।

सड़क का उद्घाटन कर विधायक ने राज्य सरकार की सराहना कर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

पब्लिक न्यूज भरत पासवान/मनोज शर्मा बाराबनी : आसनसोल के मेयर और बाराबनी के विधायक विधान उपाध्याय ने सोमवार को नूनी और चिनचुड़िया
के बीच सड़क का उद्घाटन किया। इस संबंध में विधान उपाध्याय ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से ममता बनर्जी के हाथों से पूरे राज्य में विकास का काम हो रहा है, यह रास्ता भी उसी विकास के काम का एक अंग है। उन्होंने कहा कि विरोधी सिर्फ आलोचना कर रहे हैं, लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार लोगों के विकास के हित में काम कर रही है और भविष्य में भी करती रहेगी। दूसरी तरफ केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए विधान उपाध्याय ने कहा कि उनके पास सिर्फ आलोचना करने के अलावा कोई काम नहीं है। वे सिर्फ आलोचना करते हैं और विभिन्न परियोजनाओं, रास्तों आदि के नाम बदलते हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदल दिया गया लेकिन महात्मा गांधी हो या जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी या राजीव गांधी उन्होंने देश के लिए जो काम किया है देश के लिए जो बलिदान दिया है, उससे उनका नाम इस देश की जनता के मन में अंकित हो चुका है। वह किसी परियोजना के मोहताज नहीं है कि अगर किसी परियोजना से उनका नाम हटा दिया जाए तो लोग उनको भूल जाएंगे ऐसा कभी नहीं हो सकता।

हर एक विधानसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर होगी हियरिंग, सर्वदलीय बैठक में हुई चर्चा

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल : आसनसोल एसडीओ कार्यालय में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आसनसोल उत्तर आसनसोल दक्षिण और कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के सभी स्वीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस संबंध में टीएमसी के  गुरुदास चटर्जी ने कहा  कि हर एक विधानसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर हियरिंग की जाएगी। जबकि टीएमसी की तरफ से मांग की गई थी कि कम से कम 10 जगह पर हियरिंग की प्रक्रिया की जाए।  उन्होंने  कह दिया है की पांच स्थानों पर ही हियरिंग होगी। गुरुदास चटर्जी ने कहा कि इससे दूर दराज के क्षेत्र में रहने वाले गरीब तबके के लोगों के लिए हियरिंग के लिए पहुंचना मुश्किल हो जाएगा और उनका नाम कट सकता है। गुरुदास चटर्जी ने बताया कि यह प्रयास किया जा रहा है कि टीएमसी की तरफ से उन लोगों को हियरिंग सेंटर पर पहुंचाया जाए। जिनके नाम हियरिंग के लिए आएंगे। वहीं इस संबंध में एसडीओ विश्वजीत भट्टाचार्य ने कहा कि हियरिंग की प्रक्रिया को लेकर अब प्रशासन की तरफ से पहल की जा रही है । जब उनसे पूछा गया कि राजनीतिक दलों का कहना है कि हियरिंग सेंटर की संख्या काफी कम है तो इस पर विश्वजीत भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से जो दिशा निर्देश आए हैं उसके मुताबिक काम किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि हियरिंग सेंटर की संख्या को बढ़ाने के लिए स्थानीय प्रशासन की तरफ से कुछ प्रस्ताव भेजे गए हैं।

पथश्री योजना के तहत 90 लाख रुपए की लागत से बनी सड़कों को विधायक ने किया उद्घाटन


पब्लिक न्यूज भरत पासवान बाराबनी : प्रत्येक गांव तक पक्की सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से पथश्री योजना की शुरुआत की गई थी। इसके माध्यम से पश्चिम बंगाल के दूर-दराज के गांवों में भी पक्की सड़क बनाई जा रही है और जिन सड़कों की मरम्मत की जरूरत है, उनकी मरम्मत का काम किया जा रहा है। वहीं बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायत क्षेत्रों में विधायक विधान उपाध्याय ने गुरुवार को पथश्री योजना के तहत बनी सड़कों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बाराबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष असित सिंह, बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और ग्रामीण उपस्थित थे।
विधायक विधान उपाध्याय ने इस क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में सड़कों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पथश्री योजना के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में पक्की सड़क बनाने का निर्देश दिया है। इसी के तहत पश्चिम बर्धमान जिले सहित उनके बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भी इस योजना का काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत आज पचगछिया क्षेत्र की तीन सड़कों का उद्घाटन किया गया है। इन सड़कों के निर्माण में 90 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। विधान उपाध्याय ने कहा कि इन तीन सड़कों के बन जाने से इस क्षेत्र में अब कोई कच्ची सड़क नहीं रहेगी। इसके अलावा अगर किसी सड़क के निर्माण की जरूरत होगी, तो उसका भी निर्माण किया जाएगा।

राज्य सरकार की जनहित योजनाओं, विकास कार्यों का प्रचार करने को लेकर टेबलों रवाना


पब्लिक न्यूज भरत पासवान रानीगंज : पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने विकास के कौन से कार्य किए हैं इस बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले हर विधानसभा क्षेत्र में टेबलों निकाले जा रहे हैं। गुरुवार को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में एनएसबी रोड स्थित विधायक कार्यालय से रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के 11 वार्ड के लिए 11 टेबलों निकाले गए। इस मौके पर  रानीगंज बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा, तृणमूल के जिला सचिव रुपेश यादव, तृणमूल रानीगंज टाउन टीएमसी अध्यक्ष ज्योति सिंह  के अलावा टीएमसी से जुड़े तमाम कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर मुजम्मिल शहजादा ने कहा राज्य में मुख्यमंत्री ने विकास के कई कार्य हुए हैं 70 से ज्यादा जन कल्याणकारी परियोजनाएं चलाई जा रहे हैं। जिसका सीधा लाभ यहां के लोगों को मिलता है। इसके बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के 11 वार्ड के लिए 11 टेबलों निकाले गए हैं। जिसका काम होगा हर वार्ड में  लोगों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी परियोजनाएं बताना और किस तरह से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लोगों को सभी प्रकार की सुविधा दी जा रहे हैं। उसके बारे में जागरूक करना उन्होंने कहा कि चाहे लक्ष्मी भंडार को या स्वास्थ्य साथी या फिर कन्याश्री रुपोश्री या अन्य जन कल्याणकारी परियोजनाएं हर एक परियोजना के जरिए पश्चिम बंगाल के लोगों को सुविधाएं मिलीं हैं। इन टेबलो के जरिए लोगों तक यही संदेश पहुंचाया जा रहा है।