
पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच आज आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। गौरतलब है कि वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले सात–आठ दिनों से काम बंद हड़ताल पर हैं, जिसके कारण नगर निगम क्षेत्र के 106 वार्डों में गंदगी का अंबार लग गया है।
इस समस्या को लेकर कल भी कांग्रेस की ओर से आसनसोल नगर निगम पहुंचकर जल्द समाधान की मांग की गई थी। उसी क्रम में आज साउथ ब्लॉक कांग्रेस की तरफ से बस्तीन बाजार के सामने दुर्गा मंदिर, जौहरमल जालान स्कूल क्षेत्र, बाजार के अंदर स्थित जामा मस्जिद, जीटी रोड के किनारे महावीर स्थान मंदिर और पोस्ट ऑफिस के सामने सफाई अभियान चलाया गया।
इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाह आलम खान, कांग्रेस के राज्य स्तरीय नेता प्रसनजीत पुईतुंडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद झाड़ू लगाकर गंदगी साफ की, कचरा एकत्र किया और उसे डस्टबिन में डाला।
इस दौरान शाह आलम खान ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इस समय माध्यमिक परीक्षा चल रही है और कुछ दिन पहले शबे बरात का त्योहार भी बीता है। ऐसे में सफाई न होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर, डिप्टी मेयर, एमएमआईसी और बोरो चेयरमैन आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह हैं। वे एसी गाड़ियों में चलते हैं, इसलिए जमीनी हालात से उनका कोई सरोकार नहीं है।
शाह आलम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से शहर में जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है, उससे किसी भी समय बड़ी बीमारी फैल सकती है। कई परीक्षा केंद्रों के सामने कचरे का ढेर लगा है और माध्यमिक परीक्षार्थियों को गंदगी के बीच से होकर परीक्षा केंद्र जाना पड़ रहा है।
उन्होंने साफ कहा कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस की ओर से बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा, यहां तक कि नगर निगम कार्यालय के गेट पर ताला भी लगाया जा सकता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आज झाड़ू से गंदगी साफ की जा रही है और 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टीएमसी और बीजेपी को भी इसी तरह साफ कर देगी।
वहीं कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरे नगर निगम क्षेत्र में गंदगी फैल गई है, लेकिन निगम के किसी भी पदाधिकारी को इसकी चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल निजी कामों में करते हैं, इसलिए उन्हें आम जनता की परेशानियों का अंदाजा नहीं है। उनके पास फिजूलखर्ची के लिए पैसा है, लेकिन सफाई कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी करने की इच्छा नहीं।
प्रसनजीत पुईतुंडी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली से यह घोषणा कर दी है कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी और टीएमसी व बीजेपी को बंगाल की राजनीति से बाहर कर देगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गया है। स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी गंदगी साफ करने के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि टीएमसी की तरह बीजेपी को भी जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।































