0Shares

Publicnewz Asansol/India सुहल (जर्मनी), 16 से 28 जून 2026:
विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में भारत के अभिनव शॉ और संभवी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया और देश को स्वर्ण पदक दिलाया।
क्वालिफिकेशन राउंड में दोनों ने 634.6 अंकों का शानदार स्कोर किया। इसके बाद फाइनल में उन्होंने जर्मनी और नॉर्वे की टीमों को काफी पीछे छोड़ दिया। अभिनव और संभवी ने 505.8 अंक हासिल कर 499.9 अंकों के पिछले विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद अभिनव शॉ ने कहा, “मैं पूरी तरह अपने खेल पर केंद्रित था। हालांकि मैं और संभवी अपने-अपने व्यक्तिगत स्पर्धाओं के लिए क्वालिफाई कर चुके थे, लेकिन शूटिंग किट के सख्त मानकों के कारण हमें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। रविवार को इसी वजह से मैं दो पदकों से चूक गया था। तभी मैंने ठान लिया था कि मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक से कम कुछ नहीं जीतूंगा।”
पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन ने दी बधाई
पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. धल्ल ने फोन पर अभिनव शॉ को बधाई देते हुए अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा, “अभिनव एक सच्चे चैंपियन हैं। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है। हमें उन पर गर्व है।”
स्कूल ने भी जताया गर्व
अभिनव शॉ के स्कूल के प्राचार्य रवि विक्टर ने भी उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “अभिनव ने अपनी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। यह पूरे स्कूल के लिए गर्व की बात है।”

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *