विवाह वर्षगांठ भी प्रभु हनुमान को समर्पित कर मनाई गई, विशाल भंडारे में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

पब्लिक न्यूज आसनसोल — आसनसोल के आनंदम रेसिडेंसी में आयोजित सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ इन दिनों अपने चरम भक्तिमय माहौल में पहुंच चुका है। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिल रहा है। हनुमान चालीसा पाठ और भजनों की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो रहे हैं तथा बड़ी संख्या में भक्त इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
इस भव्य धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक एवं जगद्गुरु शंकराचार्य के शिष्या निभा प्रकाश हैं, जो सनातन धर्म की आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं। धार्मिक आयोजन के बीच उन्होंने अपनी विवाह वर्षगांठ भी प्रभु हनुमान को समर्पित करते हुए श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई, जिसने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति की ओर से बाहर से आए वैदिक पंडितों को विशेष दक्षिणा और वस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है तथा हजारों-हजार भक्तों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। धार्मिक आयोजन में राजनीतिक जगत से जुड़े लोग, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक लगातार पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम की अभूतपूर्व सफलता पर आयोजक समिति की ओर से शंभुनाथ झा ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी 12 तारीख को कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत का आयोजन किया जाएगा तथा विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा।
धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच यह आयोजन पूरे शिल्पांचल में चर्चा का विषय बना हुआ है और श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *