
पब्लिक न्यूज प्रकाश दास आसनसोल : रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर की ओर से आज आसनसोल क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष सचिन राय, आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, डिप्टी मेयर वसीम उल हक, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी सहित क्लब के सदस्य सपन चौधरी, अमिताभ मुखर्जी, सुबीर राय एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
सचिन राय ने जानकारी दी कि रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर (डिस्ट्रिक्ट 3240) की ओर से 20, 21 और 22 मार्च को एसबी गोरई रोड स्थित पार्वती हॉल में निशुल्क आर्टिफिशियल लिंब, कैलिपर एवं प्रोस्थेटिक हैंड एंड लेग कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का नाम “सक्षम” रखा गया है।
उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ कोलकाता प्रेसीडेंसी और महावीर सेवा सदन, कोलकाता के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिन लोगों के हाथ या पैर कट गए हैं, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जांच के बाद निशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे। शिविर में आने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों के लिए रहने और भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी।
सचिन राय ने कहा कि यह संस्था का एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है, जिससे समाज के बड़े वर्ग को मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुबीर राय ने वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से पहले दुर्गापुर में आयोजित ऐसे ही शिविर की जानकारी दी और दिखाया कि किस प्रकार दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग लगाए जाते हैं।
इस अवसर पर अमरनाथ चटर्जी ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कृत्रिम अंग काफी महंगे होते हैं और हर किसी के लिए इन्हें लगवाना संभव नहीं होता। ऐसे में यह पहल जरूरतमंदों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।
डिप्टी मेयर अभिजीत घटक ने आश्वासन दिया कि आसनसोल नगर निगम की ओर से शिविर को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। वहीं डिप्टी मेयर वसीम उल हक ने कहा कि वे रेल पार क्षेत्र में उर्दू में लीफलेट छपवाकर प्रचार-प्रसार करेंगे, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस शिविर का लाभ उठा सकें।
गुरदास चटर्जी ने भी इस सामाजिक पहल की प्रशंसा की और कहा कि एक सामाजिक संगठन के रूप में इस तरह का कार्य अत्यंत सराहनीय है।
सचिन राय ने बताया कि इससे पूर्व संस्था द्वारा जमुरिया के एक प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास की स्थापना, एक आश्रम के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था तथा जल्द ही रामकृष्ण मिशन, आसनसोल में एक कंपोजिट लैबोरेटरी के निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने 20–22 मार्च को आयोजित इस निशुल्क कृत्रिम अंग शिविर को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। यदि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को कृत्रिम अंग की आवश्यकता हो तो निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है:
7908 925 549 / 9434 214590 / 74075 28067 / 98310 62000 / 86538 39325 / 9800 792206 / 9333118632








