0Shares

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव दुर्गापुर:
प्रदूषण से जूझ रहे औद्योगिक नगर दुर्गापुर के बीचों-बीच हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों ने लोगों को सुकून का अहसास कराया। दुर्गापुर के मुछिपाड़ा इलाके में स्थित एक निजी कारखाने की आवासीय कॉलोनी में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में प्रकृति की खूबसूरती देखते ही बन रही थी।
यह कोई एक-दो साल की पहल नहीं, बल्कि पिछले लगातार 46 वर्षों से इस पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल को सफल बना रही हैं उस आवासीय परिसर की गृहिणियां, जो हर साल मेहनत और लगन के साथ इस आयोजन को नई ऊंचाई तक पहुंचाती हैं।
प्रदर्शनी में तरह-तरह के आकर्षक फूलों के साथ-साथ रासायनिक खाद से मुक्त, जैविक पद्धति से उगाई गई विभिन्न किस्म की सब्जियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। सोमवार सुबह से ही प्रदर्शनी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
इस वर्ष प्रदर्शनी में कुल 46 महिला प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली हर महिला को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों का यह कदम आयोजन के मानवीय और प्रेरणादायक पक्ष को और भी मजबूत करता नजर आया।
औद्योगिक शोर और प्रदूषण के बीच इस तरह की पहल ने दुर्गापुर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का एक सकारात्मक संदेश दिया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *