0Shares

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल को लेकर आज सीपीएम की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। सीपीएम नेताओं ने इस आंदोलन को तत्काल समाप्त कर आसनसोल नगर निगम क्षेत्र को कचरे से मुक्त करने की मांग की। इस दौरान मेयर की अनुपस्थिति में नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन (डिपुटेशन) सौंपा गया।
सीपीएम नेता उत्पल चटर्जी ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से काम बंद हड़ताल पर हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और लोगों को कचरे के ढेर के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने से बीमारी और महामारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। हालात अगर ऐसे ही बने रहे तो स्थिति और भयावह हो सकती है। इसी को देखते हुए आज सीपीएम की ओर से नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए यह डिपुटेशन दिया गया है।
गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीपीएम नेताओं ने मांग की कि नगर निगम प्रशासन तुरंत सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले, ताकि हड़ताल समाप्त हो और शहर को फिर से साफ-सुथरा बनाया जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *