0Shares

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल।
आसनसोल रेलवे डिवीजन के डीआरएम कार्यालय में शुक्रवार को डीआरएम सुरेंद्र कुमार शर्मा ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आम बजट के बाद पश्चिम बंगाल और आसनसोल रेलवे डिवीजन के लिए प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं की जानकारी दी, जिसके उपरांत डीआरएम ने मीडिया को इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
डीआरएम सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेनों के बीच होने वाली टक्कर को रोकने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘कवच परियोजना’ के तहत अब तक लगभग सवा सौ किलोमीटर रेलखंड को कमीशन किया जा चुका है। इसके अलावा 3,000 किलोमीटर से अधिक रेलमार्ग के लिए अनुमोदन मिल चुका है, जबकि करीब 1,100 किलोमीटर रेलखंड पर कवच प्रणाली को लागू करने का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि सीतारामपुर से बराचक तक ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली को कमीशन कर दिया गया है। वहीं पानागढ़ क्षेत्र में भी ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही कई यार्डों को नए सिरे से विकसित और आधुनिक बनाया जा रहा है, जिससे रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित व सुचारू हो सके।
डीआरएम ने कहा कि पूरे आसनसोल रेलवे डिवीजन में विकास को लेकर अनेक परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध परिचालन और आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन सभी विकास कार्यों के लिए रेलवे मंत्रालय की ओर से पूरा सहयोग मिल रहा है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान डीआरएम ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से आसनसोल रेलवे डिवीजन में रेल सेवाएं और अधिक सुरक्षित, आधुनिक और प्रभावी होंगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *