0Shares

पब्लिक न्यूज पांडेश्वर: पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित पंच पांडव मंदिर में शनिवार को एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आयोजकों के अनुसार लगभग 100 लोगों की हिंदू धर्म में ‘घर वापसी’ कराई गई।
कार्यक्रम से जुड़े हिंदू जागरण मंच, मध्य बंग प्रांत के एक प्रतिनिधि ने बताया कि जिन लोगों की घर वापसी कराई गई, वे पहले अन्य धर्मों की मान्यताओं और पूजा-पद्धतियों का पालन करने लगे थे। उनका दावा है कि वे दूसरे धर्म के लोगों के प्रभाव में आकर अपनी मूल धार्मिक परंपराओं से दूर हो गए थे।
प्रतिनिधि के अनुसार, पंच पांडव मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों का विधिवत शुद्धिकरण कराया गया। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से उन्हें पुनः हिंदू धर्म में शामिल किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य उन लोगों को उनकी पारंपरिक धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है, जो किसी कारणवश उनसे दूर हो गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं संगठन के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और अंत में सभी उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *