0Shares

पब्लिक न्यूज आसनसोल/कोलकाता:- मंत्रियों के विभाग बंटवारे से लेकर आयुष्मान भारत, सातवें वेतन आयोग और कानून-व्यवस्था पर होगी अहम चर्चा

कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज राज्य सचिवालय नबान्न में अपनी सरकार की पहली मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता करेंगे। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेने वाले पांच मंत्रियों के बीच आज विभागों के बंटवारे की संभावना है। नई भाजपा सरकार की इस पहली कैबिनेट बैठक पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में भाजपा के चुनावी वादों को लागू करने की दिशा में शुरुआती रोडमैप तैयार किया जा सकता है। आयुष्मान भारत योजना को राज्य में लागू करने, अन्नपूर्णा भंडार योजना शुरू करने तथा राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जिला मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधीक्षकों और विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ राज्य की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा कर सकते हैं। नवनिर्वाचित विधायकों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री को सुबह करीब 11 बजे गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, जिसके बाद कैबिनेट बैठक शुरू होगी।
इधर, पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को इस सप्ताह बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को शपथ दिलाई जाएगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता तापस रॉय को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो विधायकों को शपथ दिलाएंगे

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *