0Shares

करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री, वेदांता के निवेश में हरसंभव सहयोग का भरोसा; छठ पूजा के बाद आसनसोल में करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा
पब्लिक न्यूज बर्नपुर, 5 नवंबर: पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल स्थित बर्नपुर में गुरुवार रात नाकरासोता बड़ा दिघारी जनकल्याण शिविर की ओर से आयोजित काली पूजा का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

करीब दो घंटे की देरी से रात लगभग 8:30 बजे मुख्यमंत्री पूजा पंडाल पहुंचे। वहां उनका स्वागत इस पूजा के प्रमुख संरक्षकों में शामिल आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक एवं राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले फीता काटकर पूजा का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मां काली के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।

पुराने समर्थक हैं आसनसोल के लोग: मुख्यमंत्री

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्हें पहुंचने में करीब दो घंटे की देरी हुई, इसके बावजूद लगभग पांच हजार लोग उनका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने इसके लिए नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल और पूजा कमेटी के सदस्यों का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर बंगाल की तरह आसनसोल भी उनकी पार्टी का पुराना समर्थक क्षेत्र रहा है। वर्ष 2014 में आसनसोल की जनता ने उनकी पार्टी के उम्मीदवार को सांसद बनाकर भेजा था। इसलिए अब शासन की जिम्मेदारी संभालने के बाद इस क्षेत्र के विकास के लिए काम करना उनकी बड़ी जिम्मेदारी है और वह इसे पूरा करेंगे।

वेदांता के औद्योगिक निवेश को मिलेगा सहयोग

औद्योगिक विकास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल और रानीगंज क्षेत्र में वेदांता समूह अपने पुराने औद्योगिक प्रतिष्ठान में फिर से उद्योग स्थापित करना चाहता है। वेदांता समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल उनसे मुलाकात कर चुके हैं। राज्य सरकार की ओर से इस परियोजना को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आसनसोल के औद्योगिक क्षेत्र को फिर से मजबूत करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार प्रयास करेगी।

नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद आसनसोल नगर निगम के प्रशासक सह कमिश्नर को निर्देश देते हुए कहा कि जब तक नगर निगम का निर्वाचित बोर्ड जिम्मेदारी नहीं संभालता, तब तक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़कों का विकास, पेयजल की व्यवस्था और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

छठ पूजा की तैयारियों पर भी दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल सहित पूरे पश्चिम बर्दवान जिले में छठ पूजा बड़े स्तर पर मनाई जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन को पहले ही सभी छठ घाटों के निर्माण और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूजा समाप्त होने के बाद वह दोबारा आसनसोल आएंगे और जिले के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब उनकी सरकार को इन अधूरे कार्यों को पूरा करना है।

अंत में उन्होंने कहा कि काफी रात हो चुकी है और उन्हें यहां से बाराबनी में एक अन्य काली पूजा का उद्घाटन करने के बाद दुर्गापुर जाना है, इसलिए वह अपना संबोधन यहीं समाप्त कर रहे हैं।

कई मंत्री, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्य के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य तकनीकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नंबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार सहित जिले के कई विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे विशेष विमान से कोलकाता से अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डे पहुंचे थे। वहां से सड़क मार्ग से बर्नपुर पहुंचकर उन्होंने काली पूजा का उद्घाटन किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed