0Shares

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार को लिखा पत्र, हजारों यात्रियों को मिलेगा राहत का दावा

पब्लिक न्यूज आसनसोल, 22 जुलाई: आसनसोल शहर से बर्नपुर तक वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कालीपहाड़ी से बर्नपुर के दामोदर तक फ्लाईओवर निर्माण की मांग करते हुए राज्य के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार को बुधवार को एक पत्र सौंपा।
बुधवार को अग्निमित्रा पाल ने डॉ. अजय पोद्दार से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या से अवगत कराया और जनहित में जल्द फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।
पत्र में कहा गया है कि कालीपहाड़ी से दामोदर तक का यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है, जहां प्रतिदिन हजारों आम नागरिक, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा भारी मालवाहक वाहन आवाजाही करते हैं। इसके कारण दिनभर भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल के लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और तेज यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस फ्लाईओवर का निर्माण बेहद आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री डॉ. अजय पोद्दार इस प्रस्ताव की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
इस पहल से आसनसोल और बर्नपुर क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह फ्लाईओवर बनता है, तो वर्षों पुरानी ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक दूर होगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *