0Shares

पोलो ग्राउंड में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 1930 हेल्पलाइन और साइबर हेल्प डेस्क की दी जानकारी

पब्लिक न्यूज आसनसोल: रथ यात्रा के अवसर पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (साइबर) एवं मुख्यालय अधिकारी राहुल पांडेय तथा एसीपी (ईबी) एवं मुख्यालय साइबर एमडी हारून ने पोलो ग्राउंड स्थित साइबर जागरूकता कियोस्क का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
राहुल पांडेय ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए रथ यात्रा के दौरान कमिश्नरेट की ओर से 9 प्रमुख स्थानों पर साइबर जागरूकता बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर अपराध होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या निजी विवरण साझा न करें, किसी अनवेरिफाइड ऐप को डाउनलोड न करें और फर्जी लोन, निवेश या आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं।
पुलिस का उद्देश्य है कि रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु आस्था के साथ-साथ साइबर सुरक्षा का संदेश भी अपने साथ लेकर जाएं और डिजिटल ठगी से सुरक्षित रहें।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *