0Shares

फ्लाईओवर, मल्टी-लेवल स्पाइरल पार्किंग और समानांतर सड़क निर्माण समेत कई विकास प्रस्तावों पर हुई चर्चा, हर महीने होगी समीक्षा बैठक
पब्लिक न्यूज आसनसोल, 14 जुलाई:
आसनसोल शहर के विकास और बढ़ती ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मंगलवार को आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी ने शहर के विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव विनोद गुप्ता, फोसबेकी के अध्यक्ष सचिन राय, आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा, आसनसोल मर्चेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष हिरेन व्यास, शहर के विशिष्ट व्यवसायी अमित पाल छाबड़ा सहित कई व्यापारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में शहर को जाममुक्त बनाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारिक संगठनों की ओर से एडीडीए के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इनमें प्रमुख रूप से नए फ्लाईओवर का निर्माण, मल्टी-स्टोरी स्पाइरल पार्किंग प्लाजा की स्थापना, तथा एस.बी. गोराई रोड पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए समानांतर सड़क निर्माण जैसे सुझाव शामिल रहे।
बैठक के बाद विभिन्न चैंबरों के प्रतिनिधियों ने बताया कि एडीडीए की सीईओ अदिति चौधरी ने सभी सुझावों पर सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर महीने इस तरह की समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि व्यापारिक संगठनों के सुझावों को योजनाओं में शामिल कर आसनसोल के समग्र विकास को नई गति दी जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *