पब्लिक न्यूज डेस्क आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 15 के बूथ संख्या 221 स्थित कालीफाड़ी इलाके में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लगभग छह दिन पहले इस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में एक का नाम राज गुप्ता बताया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में पक्की सड़क नहीं होने के कारण दुर्घटना के बाद मृतकों के शव तक को लोगों को उठाकर करीब 700 मीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) तक ले जाना पड़ा। लोगों के अनुसार, यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और लंबे समय से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं।
इलाके के लोगों ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। उसे घर से अस्पताल ले जाने के लिए जब एनएच तक लाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उसका प्रसव हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क की सुविधा होती तो समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। उनका आरोप है कि इलाके में न तो सड़क बनी है, न ही नाली और न ही पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस संबंध में स्थानीय पार्षद और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने राज्य के मंत्री मलय घटक को भी इस समस्या के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन लगभग 10 वर्ष बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं तथा हर साल सांप के काटने की घटनाएं भी सामने आती हैं। कई बार समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण लोगों की जान भी चली जाती है।
इलाके का दौरा करने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में सरकार बदलेगी तो सबसे पहले इस इलाके में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल की जाएगी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से वे सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। अब वे उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *