यूको बैंक एमएसएमई, एग्री व रिटेल कार्निवल से आसनसोल के उद्योग-व्यापार को मिली नई ऊर्जा

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल:
क्षेत्रीय उद्योग एवं व्यापार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यूको बैंक द्वारा 23 फरवरी 2026 को आसनसोल स्थित द फर्न रेजिडेंसी में भव्य “यूको बैंक एमएसएमई, एग्री, रिटेल एवं रिसोर्स कार्निवल” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बैंक और व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम में बैंक मुख्यालय से पधारे उप महाप्रबंधक श्री संजय नांदुरकर, दुर्गापुर अंचल प्रमुख श्री बिनोद कुमार तथा उप अंचल प्रमुख श्रीमती निवेदिता गांगुली की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिष्ठित सदस्यों श्री शंभुनाथ झा, श्री मुकेश टोडी, श्री नरेश अग्रवाल सहित अनेक अग्रणी उद्योगपति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा को सेल बर्नपुर के जीएम प्रोजेक्ट श्री नाबा किशोर शेट्टी की विशेष उपस्थिति ने और बढ़ाया।
अपने स्वागत भाषण में दुर्गापुर अंचल प्रमुख श्री बिनोद कुमार ने कहा कि यूको बैंक दुर्गापुर अंचल में निरंतर व्यवसायिक वृद्धि दर्ज कर रहा है, जिसका आधार ग्राहकों का अटूट विश्वास और व्यापारिक संगठनों के साथ मजबूत संबंध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक की प्राथमिकता केवल लक्ष्य पूर्ति नहीं, बल्कि दीर्घकालिक साझेदारी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास है।

मुख्यालय से आए उप महाप्रबंधक श्री संजय नांदुरकर ने अपने संबोधन में कहा कि यूको बैंक सहभागिता की भावना के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग, एमएसएमई वित्तपोषण, पारदर्शी सेवाओं और त्वरित निर्णय प्रणाली को बैंक की प्रमुख ताकत बताते हुए कहा कि बैंक उद्योग एवं व्यापार के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के श्री मुकेश टोडी ने यूको बैंक की ग्राहक-केन्द्रित सेवाओं, त्वरित सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि बैंक व्यापारिक समुदाय के लिए एक भरोसेमंद वित्तीय साझेदार के रूप में उभरा है। वहीं, सेल बर्नपुर के जीएम प्रोजेक्ट श्री नाबा किशोर शेट्टी ने यूको बैंक की पेशेवर कार्यशैली और सेवा-भावना को उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायक बताया।
समापन अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने विश्वास जताया कि वे यूको बैंक के साथ मिलकर क्षेत्रीय व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग करेंगे।
यह कार्निवल केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बैंक और उद्योग जगत के बीच मजबूत होती साझेदारी, विश्वास और सामूहिक प्रगति का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *