0Shares

Public newz दुर्गापुर:-महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को “घटिया और निराधार” करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि जब पूरा देश शोक में डूबा हुआ है और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है, ऐसे समय में इस तरह की राजनीतिक टिप्पणी करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे शिक्षित और बड़े राज्य की मुख्यमंत्री द्वारा इस प्रकार का बयान देना शर्मनाक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ही घंटों के भीतर राजनीति से प्रेरित टिप्पणी करना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे शोक की भावना को ठेस पहुंचती है। अधिकारी ने कहा कि इस तरह के बयान की निंदा सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल और देश को करनी चाहिए।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजित पवार की मौत के बाद अपना दिल्ली दौरा रद्द कर दिया था। उन्होंने कहा था कि “आज कोई भी सुरक्षित नहीं है” और इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ममता बनर्जी ने यह भी सवाल उठाया था कि क्या यह केवल दुर्घटना है या किसी साजिश का हिस्सा, जिसका जवाब समय देगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अक्सर ऐसे मामलों में सबसे पहले पायलट को दोषी ठहराना आसान रास्ता बना लिया जाता है, जैसा कि पहले की घटनाओं में देखा गया है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि यदि इस तरह की घटना किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता के साथ हो सकती है, तो यह पूरे सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ममता बनर्जी ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने मीडिया में ऐसी खबरें देखी थीं, जिनमें कहा गया था कि एनडीए में रहते हुए अजित पवार अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर विचार कर रहे थे, और ऐसे हालात में यह घटना और भी चिंताजनक लगती है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *