0Shares

पब्लिक न्यूज बाराबनी: पश्चिम बर्धमान जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के पांचगछिया नायाबस्ती घाटाल इलाके में एक पुराने शिव मंदिर को लेकर इन दिनों चर्चा तेज हो गई है। मंदिर में शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा द्वारा पानी पीने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह एक परिवार मंदिर में पूजा करने पहुंचा था। पूजा के दौरान परिवार की एक महिला ने शिवलिंग पर पानी चढ़ाया। परिवार का दावा है कि पानी नीचे नहीं गिरा। इसके बाद महिला ने चम्मच से शिवलिंग पर पानी चढ़ाया तो पानी चम्मच से गायब होता हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद परिवार की एक लड़की ने नंदी बाबा की प्रतिमा को भी चम्मच से पानी पिलाने की कोशिश की। परिवार का दावा है कि नंदी की प्रतिमा के पास भी चम्मच का पानी दिखाई नहीं दिया और पानी खत्म हो गया।

घटना की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचते ही मंदिर को लेकर चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी कई अन्य स्थानों पर देखे जाने की बातें सामने आ चुकी हैं।

हालांकि, पानी वास्तव में किस कारण से गायब हो रहा है, इसे लेकर अभी तक कोई वैज्ञानिक पुष्टि सामने नहीं आई है। प्रतिमा की सतह पर पानी का फैलाव, सोखने की प्रक्रिया या अन्य भौतिक कारण इसकी वजह हो सकते हैं। फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *