0Shares
PUBLIC NEWS PEOPLE’S VOICE

कीटनाशक जैसा पदार्थ खाने के बाद चल रहा था इलाज, रविवार शाम हुई मौत; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: आसनसोल में एक 25 वर्षीय युवती की अस्वाभाविक मौत को लेकर सोमवार सुबह सेंरेल रोड (विवेकानंद सरणी) स्थित सृष्टिनगर के निकट एक निजी अस्पताल में जमकर तनाव फैल गया। मृत युवती के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसनसोल उत्तर थाना की भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके अलावा केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई थी।

मृत युवती की पहचान आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के रेलपार स्थित साउथ धादका निवासी नेहा कुमारी गुप्ता (25) के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर आसनसोल जिला अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 7 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे नेहा कुमारी गुप्ता को उक्त निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि युवती ने फिनाइल जैसा कोई कीटनाशक पदार्थ खा लिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी शारीरिक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। आखिरकार रविवार शाम करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई।

सोमवार सुबह निजी अस्पताल प्रबंधन की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए आसनसोल उत्तर थाना के कन्यापुर फांड़ी को लिखित सूचना दी गई। जब इसकी जानकारी युवती के परिजनों को मिली, तो उन्होंने पोस्टमार्टम कराने पर आपत्ति जताई। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें इस संबंध में पहले कोई जानकारी नहीं दी थी। इसी बात को लेकर वे अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे।

अस्पताल परिसर के बाहर तनाव बढ़ने की सूचना मिलने के बाद आसनसोल उत्तर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी और उन्हें समझाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

वहीं, निजी अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कीटनाशक जैसा पदार्थ खाने के कारण युवती के शरीर में विषाक्तता फैल गई थी। इसके परिणामस्वरूप सेप्टिक शॉक और बाद में मल्टी ऑर्गन फेल्योर की स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, इस घटना को लेकर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। इसी आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed