सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, नगर निगम को ज्ञापन ,समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी काम बंद हड़ताल के खिलाफ आज आसनसोल उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
इस दौरान युवा कांग्रेस की तरफ से नगर निगम को एक डेपुटेशन सौंपा गया। मेयर की अनुपस्थिति में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेयर चेंबर के दरवाजे पर ही डेपुटेशन की कॉपी चिपका दी। इसके साथ ही सफाई न होने के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में फैली गंदगी की तस्वीरें भी चेंबर के बाहर चिपकाई गईं, ताकि प्रशासन को हालात की गंभीरता का एहसास कराया जा सके।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गौरव रॉय ने कहा कि पिछले आठ दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। लोगों को कचरे के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और कभी भी गंभीर बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
गौरव रॉय ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले पांच से छह दिनों के भीतर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो युवा कांग्रेस की ओर से और बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस का सफाई अभियानसमाधान नहीं हुआ तो नगर निगम में ताला लगाने की चेतावनी


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच आज आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। गौरतलब है कि वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले सात–आठ दिनों से काम बंद हड़ताल पर हैं, जिसके कारण नगर निगम क्षेत्र के 106 वार्डों में गंदगी का अंबार लग गया है।
इस समस्या को लेकर कल भी कांग्रेस की ओर से आसनसोल नगर निगम पहुंचकर जल्द समाधान की मांग की गई थी। उसी क्रम में आज साउथ ब्लॉक कांग्रेस की तरफ से बस्तीन बाजार के सामने दुर्गा मंदिर, जौहरमल जालान स्कूल क्षेत्र, बाजार के अंदर स्थित जामा मस्जिद, जीटी रोड के किनारे महावीर स्थान मंदिर और पोस्ट ऑफिस के सामने सफाई अभियान चलाया गया।
इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाह आलम खान, कांग्रेस के राज्य स्तरीय नेता प्रसनजीत पुईतुंडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद झाड़ू लगाकर गंदगी साफ की, कचरा एकत्र किया और उसे डस्टबिन में डाला।
इस दौरान शाह आलम खान ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इस समय माध्यमिक परीक्षा चल रही है और कुछ दिन पहले शबे बरात का त्योहार भी बीता है। ऐसे में सफाई न होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर, डिप्टी मेयर, एमएमआईसी और बोरो चेयरमैन आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह हैं। वे एसी गाड़ियों में चलते हैं, इसलिए जमीनी हालात से उनका कोई सरोकार नहीं है।
शाह आलम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से शहर में जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है, उससे किसी भी समय बड़ी बीमारी फैल सकती है। कई परीक्षा केंद्रों के सामने कचरे का ढेर लगा है और माध्यमिक परीक्षार्थियों को गंदगी के बीच से होकर परीक्षा केंद्र जाना पड़ रहा है।
उन्होंने साफ कहा कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस की ओर से बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा, यहां तक कि नगर निगम कार्यालय के गेट पर ताला भी लगाया जा सकता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आज झाड़ू से गंदगी साफ की जा रही है और 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टीएमसी और बीजेपी को भी इसी तरह साफ कर देगी।
वहीं कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरे नगर निगम क्षेत्र में गंदगी फैल गई है, लेकिन निगम के किसी भी पदाधिकारी को इसकी चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल निजी कामों में करते हैं, इसलिए उन्हें आम जनता की परेशानियों का अंदाजा नहीं है। उनके पास फिजूलखर्ची के लिए पैसा है, लेकिन सफाई कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी करने की इच्छा नहीं।
प्रसनजीत पुईतुंडी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली से यह घोषणा कर दी है कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी और टीएमसी व बीजेपी को बंगाल की राजनीति से बाहर कर देगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गया है। स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी गंदगी साफ करने के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि टीएमसी की तरह बीजेपी को भी जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

आसनसोल में ‘कंबल कांड’ के बाद रायपाड़ा इलाका पुरुषविहीन, गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हुए लोग


पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल, पश्चिम बंगाल।
आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित रायपाड़ा इलाका इन दिनों लगभग पुरुषविहीन हो गया है। इलाके की महिलाओं के अनुसार, पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से किसी का पति, किसी का भाई, किसी का बेटा तो किसी का भतीजा घर छोड़कर फरार हो चुका है। फिलहाल पूरे इलाके में सिर्फ महिलाएं और छोटे बच्चे ही बचे हैं।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि उनके इलाके के पुरुष तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव का शिकार हो गए हैं। महिलाओं का कहना है कि चुनाव या त्योहार के समय राजनीतिक दलों और समाजसेवियों द्वारा वस्त्र, कंबल और अन्य आवश्यक सामान का वितरण आम बात है।
इसी क्रम में कल्ला मोड़ निवासी समाजसेवी व भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ सालाडांगा इलाके में कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, जिसमें रायपाड़ा और छूता डांगा से आदिवासी समुदाय के लोग भी कंबल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कृष्णा प्रसाद के खिलाफ “गो बैक” के नारे लगाने लगे। स्थिति बिगड़ती देख कृष्णा प्रसाद वहां से चले गए, जिसके बाद उनके समर्थकों ने बचे हुए कंबल जरूरतमंदों में बांट दिए।
घटना के बाद सालाडांगा से सटे एक गांव की महिला ने कृष्णा प्रसाद और उनके कुछ समर्थकों पर कंबल वितरण के दौरान छेड़खानी का आरोप लगाया। महिला ने यह भी दावा किया कि कृष्णा प्रसाद ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
इन आरोपों को लेकर तृणमूल नेता श्याम सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी समाज के लोगों ने आसनसोल नॉर्थ थाने का घेराव किया और कृष्णा प्रसाद समेत उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए कई इलाकों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रायपाड़ा निवासी पुष्पराज दास को गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरे रायपाड़ा इलाके में भय का माहौल बन गया और लगभग सभी पुरुष गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हो गए।
वहीं रायपाड़ा, सालाडांगा और छूता डांगा समेत वार्ड संख्या 13 के कई आदिवासी समाज के लोग कृष्णा प्रसाद के समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि नॉर्थ थाने में दर्ज मामला पूरी तरह झूठा है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे पुलिस और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
इस मामले में गिरफ्तार पुष्पराज दास की भाभी शुभ्रा दास ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कंबल वितरण सालाडांगा में हो रहा था, लेकिन तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान रायपाड़ा समेत अन्य इलाकों के निर्दोष लोगों के नाम मामले में जोड़ दिए। उन्होंने कहा कि इलाके में एक भी पुरुष नहीं बचा है, जिससे महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवारों के सामने भूखमरी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है।
गौरतलब है कि आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के ही रामकिशन डंगाल में कुछ वर्ष पहले भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। उस मामले में जितेंद्र तिवारी समेत कई भाजपा नेताओं पर केस दर्ज हुआ था और उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
उस घटना के बाद आसनसोल में यह दूसरा “कंबल कांड” माना जा रहा है। हालांकि इस बार न तो कोई भगदड़ हुई और न ही किसी की जान गई, लेकिन लगाए गए गंभीर आरोपों ने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस मामले को लेकर आदिवासी समाज भी दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है—एक पक्ष आरोपों को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरा इसे तृणमूल की सोची-समझी साजिश बता रहा है।
भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए कृष्णा प्रसाद और उनके समर्थकों पर दर्ज कथित झूठे मामलों के खिलाफ जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी है।

सतग्राम–श्रीपुर क्षेत्र में घरेलू बिजली कटौती का विरोध, यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दीएनसीडब्ल्यूए समझौते का हवाला देते हुए कहा—24 घंटे निर्बाध बिजली श्रमिकों का मौलिक अधिकार

रमेश सिंह

पब्लिक न्यूज भरत पासवान सतग्राम–श्रीपुर क्षेत्र (ईसीएल) में घरेलू बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के आदेश को लेकर श्रमिक संगठनों में भारी रोष देखा जा रहा है। क्षेत्र के इंजीनियर (ई एंड एम) द्वारा 29 जनवरी 2026 को जारी पत्र के अनुसार, सभी एजेंटों को प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक घरेलू बिजली आपूर्ति बंद करने का निर्देश दिया गया है।
इस आदेश के खिलाफ यूनियन की ओर से सचिव रमेश सिंह ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने प्रबंधन को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि एनसीडब्ल्यूए (नेशनल कोल वेज एग्रीमेंट) के तहत श्रमिकों को 24 घंटे निर्बाध घरेलू बिजली आपूर्ति देना अनिवार्य है, क्योंकि यह श्रमिकों की प्राथमिक आवश्यकता है और इसे किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं किया जा सकता।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कर्मचारियों के वेतन से पहले ही 1 प्रतिशत बिजली शुल्क की कटौती की जाती है, वहीं दूसरी ओर उन्हें हाउस रेंट अलाउंस (HRA) भी नहीं दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में घरेलू बिजली आपूर्ति में कटौती पूरी तरह से अनुचित और समझौते के विरुद्ध है।
यूनियन ने यह भी कहा है कि यदि कंपनी वित्तीय संकट से गुजर रही है, तो खर्च में कटौती अन्य क्षेत्रों में की जाए, लेकिन घरेलू बिजली आपूर्ति पर किसी भी तरह का अंकुश न लगाया जाए।
यूनियन ने प्रबंधन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से घरेलू बिजली आपूर्ति को बहाल किया जाए और पहले की तरह 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। अन्यथा मजबूर होकर श्रमिक संगठन को कड़ा आंदोलन शुरू करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
इस पत्र की प्रतिलिपि सीएमएस (एआईटीयूसी) के महासचिव, ईसीएल मुख्यालय के जीएम (ई एंड एम), सतग्राम–श्रीपुर क्षेत्र के जीएम (ई एंड एम), जीएम (ऑपरेशन) तथा क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक को भी भेजी गई है।

गंभीर रूप से घायल गार्ड सीएच कल्ला अस्पताल में भर्ती, यूनियन का विरोध प्रदर्शन

पब्लिक न्यूज मनोज शर्मा/बीनू श्रीवास्तव आसनसोल: आज तड़के करीब सुबह 2 बजे गिरिमिंट कोलियरी, ईसीएल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ असामाजिक तत्व चोरी के इरादे से अवैध रूप से कोलियरी परिसर में घुस आए।
घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो असामाजिक तत्वों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल सुरक्षा गार्ड को तत्काल इलाज के लिए सीएच कल्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद कोलियरी परिसर में तनाव का माहौल बन गया। यूनियन के सदस्य एजेंट ऑफिस के पास इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा गार्डों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
यूनियन की ओर से मांग की गई कि सुरक्षा कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ईसीएल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रशासन सक्रिय हो गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अधिवक्ताओं ने हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन कर युनुस का जलाया पुतला


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल: बांग्लादेश मे हो रहे हिन्दुओं के ऊपर अत्याचार और हत्या के खिलाफ चल रही देशव्यापी आंदोलन के दौरान कोलकाता की सड़कों पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा बांग्लादेश मे हिन्दुओं की सुरक्षा की मांग कर रहे प्रदर्शनकारीयों पर कोलकाता पुलिस ने लाठी चार्ज की। जिस लाठी चार्ज मे कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं, इस घटना के विरोध मे शुक्रवार को आसनसोल मे सुबह से ही बंगिय हिंदू सुरक्षा मंच प्रदर्शन कर रही है और बांग्लादेश मे हो रही हिन्दुओं के ऊपर अत्याचार और हत्या के खिलाफ अपनी आवाजें बुलंद कर रही हैं, जिसमे आसनसोल कोर्ट के कई अधिवक्ता भी शामिल थे। जिन्होंने यूनुस के पुतले को रैली के दौरान सड़क पर घसीटते हुए लाया और उसे लातों और लाठी डंडो से पिटा। यहाँ तक की उसके फोटो को और पुतले को जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया, साथ ही पश्चिम बर्दवान जिला शासक को एक ज्ञापन भी सौंपा, इस दौरान मौके पर पुलिस बल की भी भारी तैनाती रही।

एसआईआर को लेकर आज से होगी हियरिंग, 42 केंद्रों पर होगी हियरिंग


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल : एसआईआर को लेकर शुक्रवार को जिला शासक कार्यालय में जिला शासक एस पोन्नबलम ने एक महत्वपूर्ण संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने बताया कि शनिवार से पूरे प्रदेश के साथ-साथ इस जिले में भी हियरिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला शासक ने साफ लफ्जों में कह दिया कि कल से जो हियरिंग हो रही है वह नो मैपिंग वालों के लिए होगी यानी की एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने के चरण में जिन लोगों के नाम के साथ 2002 में किसी भी मतदाता के नाम का लिंक नहीं मिला था ऐसे लोगों को हियरिंग के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस जिले में ऐसे लोगों की संख्या तकरीबन 1.4 लाख के आसपास है। जिला शासक ने साफ कहा कि लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी वालों को अभी हियरिंग के लिए नहीं बुलाया जा रहा है। या उनको लेकर अभी जिला प्रशासन के पास चुनाव आयोग से कोई दिशा निर्देश नहीं आया है। अभी लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी वाले अपने स्थानीय बीएलओ के माध्यम से ही अपनी समस्या का समाधान निकाल सकते हैं। और बीएलओ के मोबाइल में एक विशेष ऐप अपलोड किया गया है। जिसके जरिए लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी को हर बीएलओ अपने स्तर पर ही समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शनिवार से जो हियरिंग होने वाली है वह नो मैपिंग वालों के लिए होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस जिले में जितने भी विधानसभा क्षेत्र हैं उन सब को मिलाकर कुल 42 केंद्रों पर यह हियरिंग होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर हियरिंग का नोटिस मिलने के बाद भी किसी मतदाता को 2002 के साथ उनका लिंक मिल जाता है तो ऐसे मामलों में ईआरओ उसे मैपिंग केस के हिसाब से देखेंगे और उनसे कोई डॉक्यूमेंट नहीं मांगा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने यह जानकारी भेजी की अभी जिनकी उम्र 18 साल हुई है अगर वह 14 फरवरी को निकलने वाले फाइनल मतदाता सूची में अपना नाम डलवाना चाहते हैं तो उन्हें फॉर्म 6 भरना पड़ेगा और जिनके नाम में कोई त्रुटि है। उन्हें फॉर्म 8 भरना पड़ेगा उन्होंने कहा कि यह हियरिंग की प्रक्रिया 7 फरवरी तक चलेगी। जिला शासक ने बताया कि इस जिले के सभी विधानसभा केंद्रों में 42 हियरिंग सेंटर बनाए गए हैं। इनमें पांडवेश्वर में पांच दुर्गापुर पूर्व में 6, दुर्गापुर पश्चिम में पांच, रानीगंज में तीन, जामुड़िया में 5, आसनसोल दक्षिण में पांच, आसनसोल उत्तर में पांच, कुल्टी में पांच और बाराबनी में तीन केंद्रों पर यह हियरिंग होगी। उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों को इन हियरिंग सेंटर के बारे में बता दिया गया है तथा कौन ईआरओ किस हियरिंग सेंटर पर जाएंगे उसकी सूची भी जारी कर दी गई है। उसके बारे में भी राजनीतिक दलों को बता दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि कल से जो हियरिंग शुरू होने वाली है। वह सिर्फ उन लोगों के लिए है जिनके नाम के साथ 2002 के किसी भी मतदाता के नाम का लिंक नहीं मिला है। लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी वालों की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर बीएलओ द्वारा ही किया जा रहा है और वह प्रक्रिया भी चल रही है उन्होंने बताया कि स्थानीय बीएलओ द्वारा उन लोगों को घर-घर जाकर नोटिस जारी किया गया है। जिनको हियरिंग के लिए आना है और इसे चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

हर एक विधानसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर होगी हियरिंग, सर्वदलीय बैठक में हुई चर्चा

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल : आसनसोल एसडीओ कार्यालय में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आसनसोल उत्तर आसनसोल दक्षिण और कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के सभी स्वीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस संबंध में टीएमसी के  गुरुदास चटर्जी ने कहा  कि हर एक विधानसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर हियरिंग की जाएगी। जबकि टीएमसी की तरफ से मांग की गई थी कि कम से कम 10 जगह पर हियरिंग की प्रक्रिया की जाए।  उन्होंने  कह दिया है की पांच स्थानों पर ही हियरिंग होगी। गुरुदास चटर्जी ने कहा कि इससे दूर दराज के क्षेत्र में रहने वाले गरीब तबके के लोगों के लिए हियरिंग के लिए पहुंचना मुश्किल हो जाएगा और उनका नाम कट सकता है। गुरुदास चटर्जी ने बताया कि यह प्रयास किया जा रहा है कि टीएमसी की तरफ से उन लोगों को हियरिंग सेंटर पर पहुंचाया जाए। जिनके नाम हियरिंग के लिए आएंगे। वहीं इस संबंध में एसडीओ विश्वजीत भट्टाचार्य ने कहा कि हियरिंग की प्रक्रिया को लेकर अब प्रशासन की तरफ से पहल की जा रही है । जब उनसे पूछा गया कि राजनीतिक दलों का कहना है कि हियरिंग सेंटर की संख्या काफी कम है तो इस पर विश्वजीत भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से जो दिशा निर्देश आए हैं उसके मुताबिक काम किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि हियरिंग सेंटर की संख्या को बढ़ाने के लिए स्थानीय प्रशासन की तरफ से कुछ प्रस्ताव भेजे गए हैं।

इंडियन सेकुलर फ्रंट या आईएसएफ नेता और भांगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक नौशाद सिद्दीकी आज बाराबनी पहुंचे

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:–इंडियन सेकुलर फ्रंट या आईएसएफ नेता और भांगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक नौशाद सिद्दीकी आज बाराबनी पहुंचे। यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब में नौशाद सिद्दीकी ने बताया कि आज वह कोई राजनीतिक कार्य से यहां पर नहीं आए हैं आज यहां पर काजी नज़रुल इस्लाम की याद में एससी एसटी माइनॉरिटी संस्था की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है काजी नज़रुल इस्लाम को श्रद्धा अर्पित करने के लिए आज यहां पर आए हैं उनसे पूछा गया कि बाराबनी को टीएमसी का गढ़ कहा जाता है इस पर उन्होंने कहा कि कोई जगह किसी का गढ़ नहीं होता जहां पर पार्टियों को जनता का समर्थन मिलता है वहीं पर कोई पार्टी जीतती है। दूसरी तरफ एआइएमआइएम के साथ आगामी चुनाव में गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष हर पार्टी के साथ वह जुड़ने को तैयार हैं उनका एक ही मकसद है वह भाजपा को रोकना चाहते हैं और जो पार्टी बीजेपी को बंगाल में लेकर आई है उसे भी रोकना होगा वही हुमायूं कबीर के साथ आगमी चुनाव में गठबंधन के सवाल पर नौशाद सिद्दीकी ने साफ कह दिया कि जब तक हुमायूं कबीर अपने 30 तथा 70% वाले बयान के लिए सबके सामने अफसोस जाहिर नहीं करते और यह नहीं कहते कि उन्होंने गलत कहा था तब तक उनसे बातचीत भी नहीं होगी गठबंधन करना तो दूर की बात है वही एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसी भी अवैध वोटर का नाम नहीं रहना चाहिए लेकिन अगर एक भी योग्य मतदाता का नाम कटा तो वह खुद उसके लिए सुप्रीम कोर्ट में केस लड़ेंगे।

ईसीएल के सभी खदानों में ज्वाइंट एक्शन कमेटी लागू किये गए चार श्रम कोड का विरोध जताते हुए मनाएगी काला दिवस

पब्लिक न्यूज आसनसोल भरत पासवान ( ब्यूरो) : चेलीडंगाल इलाके में स्थित एटक कार्यालय में मंगलवार को ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से केंद्र सरकार के चार श्रम कोड का विरोध करते हुए एक जरूरी बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान इंटक के महासचिव चंडी बनर्जी, एटक के महासचिव गुरदास चक्रवर्ती, हिंद मजदूर सभा के संयुक्त सचिव प्रफुल्ल चटर्जी, सीटू के महासचिव मनोज दत्ता, टीयूसीसी के भवानी आचार्य, इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष आरपी शर्मा, यूटीयूसी के माधव बनर्जी के अलावा अन्य नेता उपस्थित थे। इस बैठक में 21 नवंबर से केंद्र सरकार द्वारा चार श्रम कोड लागू करने का विरोध किया गया।

इस दौरान पत्रकारों को जानकारी देते हुए एटक के महासचिव गुरदास चक्रवर्ती ने कहा कि 21 नवंबर से केंद्र सरकार द्वारा चार श्रम कोड लागू कर दिए गए हैं जो श्रमिक विरोधी हैं और यह पूंजीपति श्रेणी के स्वार्थ की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। ट्रेड यूनियन द्वारा इसका विरोध किया गया था लेकिन केंद्र सरकार ने मजदूरों की बात को अनसुना करके इसे 21 नवंबर से लागू कर दिया। इसके खिलाफ 26 नवंबर को संगठन द्वारा काला दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सभी खदानों में काला दिवस मनाया जाएगा, नारेबाजी की जाएगी, पिट मीटिंग होगी और इस तरह से केंद्र सरकार के इस एकतरफा फैसले का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन चाहता है कि केंद्र सरकार कर श्रम कोड को वापस ले ले अगर वैसा नहीं करते तो आने वाले समय में और बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।