सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, नगर निगम को ज्ञापन ,समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी काम बंद हड़ताल के खिलाफ आज आसनसोल उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
इस दौरान युवा कांग्रेस की तरफ से नगर निगम को एक डेपुटेशन सौंपा गया। मेयर की अनुपस्थिति में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेयर चेंबर के दरवाजे पर ही डेपुटेशन की कॉपी चिपका दी। इसके साथ ही सफाई न होने के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में फैली गंदगी की तस्वीरें भी चेंबर के बाहर चिपकाई गईं, ताकि प्रशासन को हालात की गंभीरता का एहसास कराया जा सके।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गौरव रॉय ने कहा कि पिछले आठ दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। लोगों को कचरे के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और कभी भी गंभीर बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
गौरव रॉय ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले पांच से छह दिनों के भीतर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो युवा कांग्रेस की ओर से और बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सीपीएम का ज्ञापन, कचरे से मुक्त आसनसोल की मांगमेयर की अनुपस्थिति में कमिश्नर को सौंपा गया डिपुटेशन

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल को लेकर आज सीपीएम की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। सीपीएम नेताओं ने इस आंदोलन को तत्काल समाप्त कर आसनसोल नगर निगम क्षेत्र को कचरे से मुक्त करने की मांग की। इस दौरान मेयर की अनुपस्थिति में नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन (डिपुटेशन) सौंपा गया।
सीपीएम नेता उत्पल चटर्जी ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से काम बंद हड़ताल पर हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और लोगों को कचरे के ढेर के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने से बीमारी और महामारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। हालात अगर ऐसे ही बने रहे तो स्थिति और भयावह हो सकती है। इसी को देखते हुए आज सीपीएम की ओर से नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए यह डिपुटेशन दिया गया है।
गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। जगह-जगह जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीपीएम नेताओं ने मांग की कि नगर निगम प्रशासन तुरंत सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले, ताकि हड़ताल समाप्त हो और शहर को फिर से साफ-सुथरा बनाया जा सके।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस का सफाई अभियानसमाधान नहीं हुआ तो नगर निगम में ताला लगाने की चेतावनी


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच आज आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। गौरतलब है कि वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी पिछले सात–आठ दिनों से काम बंद हड़ताल पर हैं, जिसके कारण नगर निगम क्षेत्र के 106 वार्डों में गंदगी का अंबार लग गया है।
इस समस्या को लेकर कल भी कांग्रेस की ओर से आसनसोल नगर निगम पहुंचकर जल्द समाधान की मांग की गई थी। उसी क्रम में आज साउथ ब्लॉक कांग्रेस की तरफ से बस्तीन बाजार के सामने दुर्गा मंदिर, जौहरमल जालान स्कूल क्षेत्र, बाजार के अंदर स्थित जामा मस्जिद, जीटी रोड के किनारे महावीर स्थान मंदिर और पोस्ट ऑफिस के सामने सफाई अभियान चलाया गया।
इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाह आलम खान, कांग्रेस के राज्य स्तरीय नेता प्रसनजीत पुईतुंडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद झाड़ू लगाकर गंदगी साफ की, कचरा एकत्र किया और उसे डस्टबिन में डाला।
इस दौरान शाह आलम खान ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इस समय माध्यमिक परीक्षा चल रही है और कुछ दिन पहले शबे बरात का त्योहार भी बीता है। ऐसे में सफाई न होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर, डिप्टी मेयर, एमएमआईसी और बोरो चेयरमैन आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह हैं। वे एसी गाड़ियों में चलते हैं, इसलिए जमीनी हालात से उनका कोई सरोकार नहीं है।
शाह आलम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से शहर में जगह-जगह गंदगी जमा हो रही है, उससे किसी भी समय बड़ी बीमारी फैल सकती है। कई परीक्षा केंद्रों के सामने कचरे का ढेर लगा है और माध्यमिक परीक्षार्थियों को गंदगी के बीच से होकर परीक्षा केंद्र जाना पड़ रहा है।
उन्होंने साफ कहा कि अगर इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस की ओर से बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा, यहां तक कि नगर निगम कार्यालय के गेट पर ताला भी लगाया जा सकता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि आज झाड़ू से गंदगी साफ की जा रही है और 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टीएमसी और बीजेपी को भी इसी तरह साफ कर देगी।
वहीं कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरे नगर निगम क्षेत्र में गंदगी फैल गई है, लेकिन निगम के किसी भी पदाधिकारी को इसकी चिंता नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल निजी कामों में करते हैं, इसलिए उन्हें आम जनता की परेशानियों का अंदाजा नहीं है। उनके पास फिजूलखर्ची के लिए पैसा है, लेकिन सफाई कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी करने की इच्छा नहीं।
प्रसनजीत पुईतुंडी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली से यह घोषणा कर दी है कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी और टीएमसी व बीजेपी को बंगाल की राजनीति से बाहर कर देगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गया है। स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी गंदगी साफ करने के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं, क्योंकि टीएमसी की तरह बीजेपी को भी जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

आसनसोल में ‘कंबल कांड’ के बाद रायपाड़ा इलाका पुरुषविहीन, गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हुए लोग


पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल, पश्चिम बंगाल।
आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित रायपाड़ा इलाका इन दिनों लगभग पुरुषविहीन हो गया है। इलाके की महिलाओं के अनुसार, पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से किसी का पति, किसी का भाई, किसी का बेटा तो किसी का भतीजा घर छोड़कर फरार हो चुका है। फिलहाल पूरे इलाके में सिर्फ महिलाएं और छोटे बच्चे ही बचे हैं।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि उनके इलाके के पुरुष तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे राजनीतिक टकराव का शिकार हो गए हैं। महिलाओं का कहना है कि चुनाव या त्योहार के समय राजनीतिक दलों और समाजसेवियों द्वारा वस्त्र, कंबल और अन्य आवश्यक सामान का वितरण आम बात है।
इसी क्रम में कल्ला मोड़ निवासी समाजसेवी व भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ सालाडांगा इलाके में कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, जिसमें रायपाड़ा और छूता डांगा से आदिवासी समुदाय के लोग भी कंबल लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कृष्णा प्रसाद के खिलाफ “गो बैक” के नारे लगाने लगे। स्थिति बिगड़ती देख कृष्णा प्रसाद वहां से चले गए, जिसके बाद उनके समर्थकों ने बचे हुए कंबल जरूरतमंदों में बांट दिए।
घटना के बाद सालाडांगा से सटे एक गांव की महिला ने कृष्णा प्रसाद और उनके कुछ समर्थकों पर कंबल वितरण के दौरान छेड़खानी का आरोप लगाया। महिला ने यह भी दावा किया कि कृष्णा प्रसाद ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
इन आरोपों को लेकर तृणमूल नेता श्याम सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी समाज के लोगों ने आसनसोल नॉर्थ थाने का घेराव किया और कृष्णा प्रसाद समेत उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए कई इलाकों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रायपाड़ा निवासी पुष्पराज दास को गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरे रायपाड़ा इलाके में भय का माहौल बन गया और लगभग सभी पुरुष गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हो गए।
वहीं रायपाड़ा, सालाडांगा और छूता डांगा समेत वार्ड संख्या 13 के कई आदिवासी समाज के लोग कृष्णा प्रसाद के समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि नॉर्थ थाने में दर्ज मामला पूरी तरह झूठा है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे पुलिस और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
इस मामले में गिरफ्तार पुष्पराज दास की भाभी शुभ्रा दास ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कंबल वितरण सालाडांगा में हो रहा था, लेकिन तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान रायपाड़ा समेत अन्य इलाकों के निर्दोष लोगों के नाम मामले में जोड़ दिए। उन्होंने कहा कि इलाके में एक भी पुरुष नहीं बचा है, जिससे महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवारों के सामने भूखमरी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है।
गौरतलब है कि आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के ही रामकिशन डंगाल में कुछ वर्ष पहले भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। उस मामले में जितेंद्र तिवारी समेत कई भाजपा नेताओं पर केस दर्ज हुआ था और उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
उस घटना के बाद आसनसोल में यह दूसरा “कंबल कांड” माना जा रहा है। हालांकि इस बार न तो कोई भगदड़ हुई और न ही किसी की जान गई, लेकिन लगाए गए गंभीर आरोपों ने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस मामले को लेकर आदिवासी समाज भी दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है—एक पक्ष आरोपों को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरा इसे तृणमूल की सोची-समझी साजिश बता रहा है।
भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए कृष्णा प्रसाद और उनके समर्थकों पर दर्ज कथित झूठे मामलों के खिलाफ जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी है।

आसनसोल में जमीन विवाद को लेकर भारी तनाव, सेल आईएसपी और निजी जमीन मालिक आमने-सामने


पब्लिक न्यूज भरत पासवान पश्चिम बर्धमान, आसनसोल:आसनसोल के मनोज सिनेमा हॉल से सटे इलाके में गुरुवार को जमीन कब्जे को लेकर भारी तनाव फैल गया। सेल आईएसपी (SAIL ISP) की एक जमीन को लेकर सेल प्रबंधन और एक निजी जमीन मालिक के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
सेल आईएसपी प्रबंधन का दावा है कि विवादित जमीन उनकी स्वामित्व वाली है। वहीं, संबंधित निजी जमीन मालिक का कहना है कि उनके पास उस जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज और कागजात मौजूद हैं और वह जमीन सेल की नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद दो अलग-अलग प्लॉट नंबरों को लेकर है। आरोप है कि जिस जमीन को सेल प्रबंधन अपनी बता रहा है, वहां पहुंचने के लिए दूसरे व्यक्ति की निजी जमीन से होकर जाना पड़ता है। इसी बात को लेकर जमीन मालिक ने कड़ा विरोध जताया।
जमीन मालिक ने आरोप लगाते हुए कहा,
“अगर वह जमीन वास्तव में सेल की है, तो वहां नोटिस बोर्ड या साइन बोर्ड लगाया जाए। लेकिन हमारी निजी जमीन से होकर आना-जाना या बाउंड्री तोड़कर घुसना किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। हमारे गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसना पूरी तरह गैरकानूनी है।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक स्थिति को नियंत्रित किए रखा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
हालांकि आरोप है कि अंततः संबंधित गेट का ताला तोड़ दिया गया और जमीन की बाउंड्री के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर सेल प्रबंधन ने अपनी बताई जा रही जमीन पर बोर्ड लगा दिया।
इस घटना से नाराज निजी जमीन मालिक ने कहा,
“जिन लोगों ने मेरा गेट का ताला तोड़ा और जबरन मेरी जमीन से होकर गए, उनके खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा।”
दोपहर करीब 2 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार चले तनाव के बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन नजर बनाए हुए है।

14 मार्च को आसनसोल और दुर्गापुर अदालत परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालतएक ही दिन में मामलों का निपटारा, वकील की अनिवार्यता नहीं


पब्लिक न्यूज भरत पासवान आसनसोल:
आगामी 14 मार्च को आसनसोल और दुर्गापुर अदालत परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर आज एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें लोक आसनसोल कोर्ट अदालत से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी अधिकारी आम्रपाली चक्रवर्ती ने ।
बताया गया कि 14 मार्च को लगने वाली लोक अदालत में ऐसे सिविल मामलों की सुनवाई हो सकेगी, जो अब तक अदालत में नहीं पहुंचे हैं या फिर अदालत में लंबित हैं। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई भी लोक अदालत में की जा सकती है।
तलाक के मामलों को छोड़कर विवाह से जुड़े अन्य मामलों, जैसे वैवाहिक विवाद, समझौता आदि की सुनवाई भी लोक अदालत में संभव है। वहीं यदि किसी व्यक्ति ने बैंक से लोन लिया है और वह ईएमआई चुकाने में असमर्थ है, तो ऐसे मामलों का निपटारा भी लोक अदालत के माध्यम से किया जा सकता है।
लोक अदालत की एक खास बात यह है कि मामला पेश करने के लिए वकील की अनिवार्यता नहीं होती। कोई भी व्यक्ति स्वयं उपस्थित होकर अपने मामले की सुनवाई में भाग ले सकता है।
जो मामले पहले से अदालत में लंबित हैं, उन्हें लोक अदालत में स्थानांतरित कराने के लिए संबंधित अदालत में वकील के माध्यम से अनुरोध करना होता है। अदालत की अनुमति मिलने के बाद मामला लोक अदालत में भेज दिया जाता है।
वहीं जो मामले अब तक अदालत में दर्ज नहीं हुए हैं, उनकी सुनवाई लोक अदालत में कराने के लिए लोगों को डिस्ट्रिक्ट लीगल सेल (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) से संपर्क करना होगा। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट लीगल सेल की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया जाता है।
संवाददाता सम्मेलन में यह भी बताया गया कि पिछले वर्ष आयोजित लोक अदालत में पश्चिम बर्धमान जिले में 10 हजार से अधिक मामलों का निपटारा हुआ था, जिससे लगभग 14 करोड़ रुपये की सेटलमेंट राशि प्राप्त हुई थी।
लोक अदालत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि एक ही दिन में मामलों का आपसी सहमति से निपटारा हो जाता है, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी—तीनों से राहत मिलती है।

आम्रपाली चक्रवर्ती

गंभीर रूप से घायल गार्ड सीएच कल्ला अस्पताल में भर्ती, यूनियन का विरोध प्रदर्शन

पब्लिक न्यूज मनोज शर्मा/बीनू श्रीवास्तव आसनसोल: आज तड़के करीब सुबह 2 बजे गिरिमिंट कोलियरी, ईसीएल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ असामाजिक तत्व चोरी के इरादे से अवैध रूप से कोलियरी परिसर में घुस आए।
घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो असामाजिक तत्वों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल सुरक्षा गार्ड को तत्काल इलाज के लिए सीएच कल्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद कोलियरी परिसर में तनाव का माहौल बन गया। यूनियन के सदस्य एजेंट ऑफिस के पास इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा गार्डों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
यूनियन की ओर से मांग की गई कि सुरक्षा कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ईसीएल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रशासन सक्रिय हो गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जमुरिया के बोगरा चटी इलाके में आग से कई दुकानें राख, भाजपा–टीएमसी आमने-सामने

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल
आसनसोल नगर निगम के 32 नंबर वार्ड अंतर्गत जमुरिया के बोगरा चटी इलाके में परसों देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें कई दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना के बाद आज भाजपा नेत्री प्रियंका टिंबरेवाल मौके पर पहुँचीं और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर प्रियंका टिंबरेवाल ने कहा कि घटनास्थल को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यह आग अपने आप नहीं लगी, बल्कि लगाई गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस जमीन पर दुकानें थीं, वह एक ही व्यक्ति की है और अचानक आग लग जाती है, किसी को भनक तक नहीं लगती — यह संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासनकाल में युवाओं के पास नौकरी नहीं है और जो लोग दुकान लगाकर किसी तरह अपनी रोजी-रोटी चलाने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी दुकानों को भी आग के हवाले किया जा रहा है। भाजपा नेत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
वहीं इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी पार्षद भोला हेला ने कहा कि चुनाव नज़दीक हैं, इसी वजह से भाजपा नेता ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर राजनीति करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
पार्षद ने बताया कि इस घटना को लेकर श्रीपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, जबकि उनके शासित राज्यों उत्तर प्रदेश और बिहार में जंगलराज चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठीक है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का प्रशासन हमेशा आम लोगों के साथ खड़ा रहता है।
भोला हेला ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर विधायक और ब्लॉक के टीएमसी अध्यक्ष से बातचीत हो चुकी है और जिन दुकानों को नुकसान हुआ है, उन्हें फिर से बनाकर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर रानीगंज के पास चलती सरकारी बस में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

पब्लिक न्यूज भरत पासवान रानीगंज।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर रानीगंज के समीप सोमवार को एक चलती सरकारी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि बस में सवार सभी यात्री समय रहते नीचे उतरने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एक स्थानीय निवासी ने रानीगंज के पंजाबी मोड़ पुलिस चौकी को सूचित किया। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी खबर दी गई। सूचना मिलने के कुछ ही समय बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
इस घटना में एसबीएसटीसी (SBSTC) की बस पूरी तरह नष्ट हो गई है। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय बस का चालक बस के अंदर मौजूद था, लेकिन घटना के बाद से वह फरार है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
आग लगने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 का एक हिस्सा काफी देर तक बाधित रहा। पुलिस ने बस को सड़क के एक किनारे हटाकर अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला। बाद में पुलिस की तत्परता से सभी अवरोध हटाए गए और यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि यह एसबीएसटीसी बस दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जा रही थी, तभी रानीगंज के पास यह हादसा हुआ।

आज से शुरू हुई माध्यमिक परीक्षा 2026, पश्चिम बर्धमान से 30,497 परीक्षार्थी शामिल

पब्लिक न्यूज भरत पासवान पश्चिम बर्धमान के आसनसोल,
राज्य भर में आज सोमवार से माध्यमिक परीक्षा 2026 की शुरुआत हो गई। इस वर्ष की माध्यमिक परीक्षा 12 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक तैयारियाँ पहले ही पूरी कर ली गई हैं।
इस वर्ष पश्चिम बर्धमान जिले से कुल 30 हजार 497 परीक्षार्थी माध्यमिक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें आसनसोल महकमा से 18 हजार 14 परीक्षार्थी तथा दुर्गापुर महकमा से 12 हजार 483 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
माध्यमिक परीक्षा को लेकर जिला स्तर पर जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। वहीं आसनसोल में महकमा स्तर पर महकमा शासक (सदर) विश्वजीत भट्टाचार्य ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर महकमा शासक ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस सहित सभी संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।