Facebook 0 Twitter/X 0 WhatsApp0 Print0 0Shares पब्लिक न्यूज अंडाल: एक समय था जब खनिक्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आती थीं। प्रशासन की सक्रियता के बाद ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक लगाम लगी थी। लेकिन कई वर्षों बाद एक बार फिर अंडाल के कोलियरी क्षेत्र में चोरों का गिरोह सक्रिय होता दिखाई दे रहा है।शनिवार रात अंडाल की पड़ाशकोल ईस्ट कोलियरी में हथियारबंद बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट कर लूटपाट की। आरोप है कि बदमाशों ने कोलियरी के तीन सुरक्षा गार्डों समेत हाजिरी बाबू और बाती बाबू को भी पीटा तथा उनके मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नकद रुपये छीन लिए। बदमाशों ने कोलियरी के टेलीफोन में भी तोड़फोड़ की।कोलियरी के बीएमएस नेता और खनिक भगवान दास ने बताया कि करीब 34 वर्षों के बाद इस तरह की घटना कोलियरी में हुई है। उन्होंने कहा कि रात की ड्यूटी करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अगर रात में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा नहीं मिलेगी, तो मजदूर किस भरोसे पर काम करने आएंगे? उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाया।ड्यूटी पर तैनात खनिक राजीव महतो ने बताया कि वह रात में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कई बदमाश हथियार लेकर वहां पहुंचे और तलवार की नोक पर उनसे मोबाइल और नकदी छीन ली।बताया जा रहा है कि बदमाश कोलियरी में तांबे की टेबल चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे। सुरक्षा गार्डों ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और मारपीट के बाद उनके मोबाइल, एटीएम कार्ड तथा रुपये छीनकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सीआईएसएफ की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही काजोड़ा इलाके में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लगातार कई ईसीएल आवासों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का मामला सामने आया था। अंडाल पुलिस ने उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन एक सप्ताह के भीतर ही कोलियरी में फिर चोरी और लूटपाट की घटना सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद रात की ड्यूटी करने वाले खनिकों में भय का माहौल है। Facebook 0 Twitter/X 0 WhatsApp0 Print0 0Shares Post navigation पांडवेश्वर में पुलिस वाहन पर हमला, गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश का आरोप राज्य के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का फंदे से लटका शव बरामद