
पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल : अक्सर आम लोगों के मन में पुलिस को लेकर नकारात्मक भावनाएं बनी रहती हैं, लेकिन हम यह भूल जाते हैं कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहकर ही हमें सुरक्षित माहौल प्रदान करते हैं। पुलिस के इसी मानवीय और जिम्मेदार रूप की एक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब एक छात्र की छोटी सी गलती उसके पूरे साल पर भारी पड़ने वाली थी।
इन दिनों पूरे पश्चिम बंगाल में उच्च माध्यमिक की परीक्षा चल रही है। एथोड़ा निवासी सायन चटर्जी का परीक्षा केंद्र आसनसोल के धधका इलाके स्थित एन. सी. लहरी स्कूल में पड़ा है। परीक्षा के पहले दिन जब वह बांग्ला विषय की परीक्षा देने केंद्र पहुंचे, तब उन्हें एहसास हुआ कि वे मूल एडमिट कार्ड घर पर ही भूल आए हैं और उनके पास केवल उसकी फोटोकॉपी है।
समय कम होने के कारण उनके पास घर जाकर एडमिट कार्ड लाने का अवसर नहीं था। जब उन्हें लगा कि उनकी एक छोटी सी भूल से उनका पूरा साल बर्बाद हो सकता है, तब उन्होंने परीक्षा केंद्र के पास तैनात पुलिस अधिकारियों से मदद लेने का निर्णय लिया।
पुलिस अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को समझा और छात्र को आश्वस्त किया। वे सायन को अपने साथ लेकर एथोड़ा के लिए रवाना हुए, जो स्कूल से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। रास्ते में ही उन्होंने छात्र की मां को फोन कर मूल एडमिट कार्ड लेकर घर के बाहर तैयार रहने को कहा।
पुलिस की सलाह के अनुसार सायन की मां एडमिट कार्ड लेकर बाहर खड़ी थीं। जैसे ही पुलिस वाहन वहां पहुंचा, एडमिट कार्ड सौंप दिया गया और पुलिसकर्मी तुरंत छात्र को लेकर वापस परीक्षा केंद्र की ओर रवाना हो गए। समय रहते सायन परीक्षा केंद्र पहुंच गया और परीक्षा दे सका।
सायन ने पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि जब उन्हें लग रहा था कि उनका साल बर्बाद हो जाएगा, तब पुलिस उनके लिए देवदूत बनकर आई। उन्होंने पूरे पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं छात्र के पिता शांतनु चटर्जी ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की। उन्होंने बताया कि वह एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं और समयाभाव के कारण स्वयं एडमिट कार्ड पहुंचाने में असमर्थ थे। ऐसे में पुलिस द्वारा की गई मदद से उनका बेटा परीक्षा दे सका, जिसके लिए वे बेहद आभारी हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती











