जमुरिया के बोगरा चटी इलाके में आग से कई दुकानें राख, भाजपा–टीएमसी आमने-सामने

पब्लिक न्यूज बिनु श्रीवास्तव आसनसोल
आसनसोल नगर निगम के 32 नंबर वार्ड अंतर्गत जमुरिया के बोगरा चटी इलाके में परसों देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें कई दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना के बाद आज भाजपा नेत्री प्रियंका टिंबरेवाल मौके पर पहुँचीं और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर प्रियंका टिंबरेवाल ने कहा कि घटनास्थल को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यह आग अपने आप नहीं लगी, बल्कि लगाई गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस जमीन पर दुकानें थीं, वह एक ही व्यक्ति की है और अचानक आग लग जाती है, किसी को भनक तक नहीं लगती — यह संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासनकाल में युवाओं के पास नौकरी नहीं है और जो लोग दुकान लगाकर किसी तरह अपनी रोजी-रोटी चलाने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी दुकानों को भी आग के हवाले किया जा रहा है। भाजपा नेत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
वहीं इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी पार्षद भोला हेला ने कहा कि चुनाव नज़दीक हैं, इसी वजह से भाजपा नेता ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर राजनीति करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
पार्षद ने बताया कि इस घटना को लेकर श्रीपुर चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, जबकि उनके शासित राज्यों उत्तर प्रदेश और बिहार में जंगलराज चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठीक है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का प्रशासन हमेशा आम लोगों के साथ खड़ा रहता है।
भोला हेला ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर विधायक और ब्लॉक के टीएमसी अध्यक्ष से बातचीत हो चुकी है और जिन दुकानों को नुकसान हुआ है, उन्हें फिर से बनाकर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *